शनिवार, 14 नवंबर 2026

नेहरू को एक बार फिर पढ़ने की ज़रूरत है

एक पिता अपनी संतान की दुनिया के बारे में जिज्ञासा दूर करने को प्रतिबद्ध था। सभी होते हैं। फ़र्क़ यहाँ इतना है कि यह पिता राजद्रोह के आरोप में ब्रिटिश राज की जेल में बंद था।

1928 में इलाहाबाद प्रवास के दौरान जवाहरलाल ने अपनी बेटी इंदिरा को चिट्ठियाँ लिखनी शुरू कीं जिन्हें आज दुनिया Letters from a Father to His Daughter के नाम से जानती है। संतान की जिज्ञासाओं के समाधान का यह प्रयास 1934 की Glimpses of World History के माध्यम से जारी रहा।

गौरतलब बात ये कि Glimpses लिखते वक्त पंडित नेहरू विभिन्न जेलों में कैद थे, कभी नैनी तो कभी बरेली। दो चिट्ठियाँ तो स्टीमर पर सफ़र करते वक्त भी लिखीं। संतान के अंदर सवाल पूछने की क्षमता पैदा करने के प्रति एक पिता की यह प्रतिबद्धता अलग है।

प्रधानमंत्री बनने के बाद भी जवाहरलाल नेहरू का यह आग्रह नहीं बदला—बच्चों में जिज्ञासा बनी रहे, वे सवाल पूछें और दुनिया को अपने विवेक से समझें। 1956 में उन्होंने राष्ट्रीय बाल भवन की स्थापना की, जहाँ बच्चों को किताबों और परीक्षाओं से इतर खेल, प्रयोग और रचनात्मक गतिविधियों के ज़रिये सीखने का अवसर मिले। अगले ही साल बाल दिवस के एक कार्यक्रम में उन्होंने बच्चों से कहा कि वे चीज़ों को खुद खोजें और जानें। शायद वे बच्चों को अपना अनुयायी नहीं, अपने ढंग से सोचने वाला इंसान बनाना चाहते थे।

नेहरू त्रुटिहीन नहीं थे। कोई भी नहीं हो सकता।

अक्साई चिन के मुद्दे पर जवाहरलाल नेहरू को संसद में तीखे विरोध का सामना करना पड़ा। यह उस दौर की बात है, जब भारतीय राजनीति के कैनवास पर उनकी छवि सबसे प्रभावशाली थी।

हिंदू कोड बिल को लेकर भी उन्हें अपनी ही पार्टी और मंत्रिमंडल के भीतर विरोध झेलना पड़ा। देश के पहले राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद से इस विधेयक पर उनकी गंभीर असहमति थी।

ध्यान रखिए, ये सब एक नवजात लोकतंत्र में हो रहा था।

वैज्ञानिक संस्थानों जैसे एम्स, आईआईटी आदि की स्थापना को लेकर बहुतों ने उनकी दूरदृष्टि की तारीफ़ की है, मगर लोकतांत्रिक संस्थाओं के सुदृढ़ीकरण में उनके योगदान की चर्चा शायद उतनी नहीं हुई। कारण जो भी हो।

लोकतंत्र केवल इस बात से मज़बूत नहीं होता कि जनता किसे सत्ता सौंपती है; वह इस बात से भी मज़बूत होता है कि सत्ता में बैठा व्यक्ति अपने विरोधियों, आलोचकों और असहमत लोगों के लिए कितनी जगह छोड़ता है।

फिरोज तो कांग्रेसी ही थे, मुंद्रा काण्ड को लेकर उनके जितना नेहरू का विरोध कितनों ने किया होगा?

क्या बच्चों से प्रेम करने और बच्चों को स्वतंत्र सोचने योग्य मानना अथवा बनाने के प्रयास करना एक नहीं हैं?

किसी को समझने के लिए उसका वादी होना जरूरी है।

और विडंबना देखिए, उनके चाहने वाले और उनसे नफरत करने वाले दोनों ही उन्हें भलीभांति समझने का दावा करते हैं।

मानवीय साइकोलॉजी के अनुसार हम सभी अलग-अलग स्तर पर कंफर्मेशन बायस से ग्रस्त होते हैं। ये हमारे इंसान होने की मुख्य शर्त है। इंसान तटस्थ नहीं हो सकते, वे हाड़मांस के बने हैं, लोहे के बाट नहीं।

मेरे ख्याल से किसी भी ऐतिहासिक शख्सियत का आकलन करने के लिए न तो अंधभक्ति अच्छी और न ही अंधविरोध सही।

दूसरी बात, कभी किसी का आकलन करो तो उस काल की परिस्थितियों और मानकों के आधार पर करो। आज के कुर्ते में बीते कल की देह कभी फिट नहीं होती।

इंसान हो या देश, उसका चरित्र कैसा होना चाहिए यह भले स्पष्ट हो या न हो, यह तो जरूर स्पष्ट होता है कि कैसा नहीं होना चाहिए।

इतिहास के इस पड़ाव पर और इस कसौटी पर आज परखने पर समझ आता है कि भले ही हम क्या से क्या होते-होते रह गए, मगर क्या नहीं होना था, वो न बनने देने में किसका योगदान सबसे अधिक है।

वो कहते हैं न, prime minister is first among equals.

सही कहते हैं।

कुनबे का मुखिया जिस राह चाहे, कुनबा चलेगा।

आपको याद होगा मैंने शुरू में आपको संतान की जिज्ञासाओं के समाधान करता पिता दिखाया था। फिर मैंने आपको अपने विपक्षियों से लेकर आने वाली पीढ़ियों को सवाल पूछने, असहमत होने को प्रेरित करने वाला प्रधानमंत्री दिखाया।

दो ऐसे सवालों के साथ यह लेख समाप्त करता हूँ जो आज के दौर में असहजता पैदा करते हैं:

1. क्या अनुयायी से विवेकशील नागरिक बनने का यह सफर हम तय कर सके हैं?

2. क्या हम इस बात को समझते हैं कि किसी देश का भविष्य केवल उसकी उपलब्धियों से नहीं, बल्कि उन स्वतंत्रताओं से भी तय होता है जिन्हें वह अगली पीढ़ियों के लिए बचाकर रखता है?

#HBD_Nehru

बुधवार, 23 सितंबर 2026

जब मैंने पहली दफ़ा सिगरेट पीनी छोड़ी


सिगरेट छोड़ना सबसे आसान है, मैंने खुद कई दफा छोड़ी है।

आदमी का दिमाग ऐसी शातिर बला है कि जब सिगरेट पीते रहें तो भीतर से लगातार सिग्नल देता रहेगा—अरे, तू जब चाहे इन्हें छोड़ सकता है। कल से जिम चले जाना, एकदम रॉकी बाल्बोआ जैसी बॉडी बन जाएगी।

बस कल से।

और यही “कल” बड़ा धोखेबाज़ शब्द है। आदमी इसकी आड़ में अपनी आधी जिंदगी आराम से निकाल सकता है।

बाकी दिन, जब तक ये गफलत नहीं पाली थी कि यूँ सुट्टे से पीछा छुड़ा लेंगे, सुबह उठते ही सिगरेट की ऐसी कोई खास जरूरत या तलब महसूस नहीं होती थी। मगर जैसे ही तय कर लो कि बस, कल से बिल्कुल बंद—पेट महाराज ऐसा सिग्नल भेजेंगे कि हुजूर, आज तो बिना सिगरेट के हमारा काम ही नहीं चलने वाला।

अब मजबूरन जल्दी से बाहर से कहीं से जुगाड़ो और खुद को तसल्ली देते हुए एक सुट्टा खींच लो—अच्छा, इसके बाद नहीं।

उधर दिमाग भाई शायद पहले ही तय करके बैठे थे—

“ठहर बच्चू। आज तो तुझसे रोजाना से ज्यादा पियवाऊँगा। मैं भी तो देखूँ, कैसे छोड़ता है तू।”

उसके बाद दिनभर किसी भी चीज में थोड़ा-सा भी अटकिए, एक सिगरेट कहीं न कहीं से आपका बोझ हल्का करने चली आती है। काम अटक गया—सिगरेट। पढ़ाई में मन नहीं लग रहा—सिगरेट। किसी बात पर झुंझलाहट हो गई—सिगरेट। और कभी-कभी तो कोई वजह भी नहीं चाहिए; सिगरेट खुद वजह लेकर आ जाती है।

ऐसी ही रोजाना की कशमकश से दो-चार होते हुए एक बार, जब मैं सातवें सेमेस्टर में था—साल था 2010—मैंने सिगरेट छोड़ दी।

बिल्कुल सिफ़र।

अगले छह महीने तक पूर्णतः सफल रहा।

सिर्फ उस दिन को छोड़कर, जिस दिन मैंने दोबारा सिगरेट पी ली।

यानी उपलब्धि के खाते में छह महीने की निरंतर सफलता थी और असफलता के खाते में एक दिन। मगर दुर्भाग्य से वह एक दिन छह महीने के बाद वाला दिन था।

उस दौर में एक और काम शुरू किया था—दौड़ना। सुबह उठकर दौड़ना, पसीना बहाना। धीरे-धीरे ऐसा लगने लगा था कि आदमी आखिरकार अपनी जिंदगी को पटरी पर ले आया है।

जब मैंने छोड़ रखी थी तो कई लोग मुझसे सीखने भी आए—“भाई, भाई, भाई! कैसे किया? कुछ टिप्स दो यार।”

लगे जैसे आर्नोल्ड जैसी देहयष्टि बना ली हो और सब मेरे मुरीद हों।

मेरे देखा-देखी कुछ और लड़कों ने भी सिगरेट छोड़ दी। हम लोग साथ में दौड़ने जाने लगे। सुबह देखो तो दौड़ने चले जा रहे, शाम को कॉलेज से वापस आ रहे तो दौड़ने चले जा रहे।

कुल मिलाकर ऐसा माहौल बन गया था जैसे मैकेनिकल ब्रांच में अचानक स्वास्थ्य क्रांति आ गई हो।

उसी दौर की एक और निशानी है—इस ब्लॉग पर लिखी मेरी पहली कविता। बल्कि इस ब्लॉग की सबसे पहली दो पोस्टें उस दौर से भी पहले की हैं; उसके बाद जो पहली कविता लिखी, वह इसी समय की है।

शायद सिगरेट छोड़ने के साथ आदमी को अपने भीतर से कुछ और भी निकालने की इच्छा हुई थी। दौड़ना शुरू किया, लिखना शुरू किया और कुछ समय के लिए यह भ्रम भी पाल लिया कि अब जिंदगी बड़ी व्यवस्थित दिशा में जा रही है।

फिर एक दिन अचानक—

सब बंद।

न दौड़ना, न सुबह की कसरत, न फेफड़ों की चिंता।

और उँगलियों के बीच वही पुरानी सिगरेट।

हुआ यूँ कि दिसंबर 2010 में मेरा प्लेसमेंट हो गया।

उसी एक हफ्ते के दौरान आठ-दस लोग नौकरी पा गए थे, तो यह तय हुआ कि हम सभी मिलकर पूरी मैकेनिकल ब्रांच को पार्टी दे देते हैं।

ख़ुदा कसम, क्या नदियाँ बहीं उस दिन शराब की।

और ऐसे ही किसी पिनक में मैंने फिर सिगरेट खींच दी।

छह महीने बाद पहली सिगरेट।

अब शुरू की तो उस रात पंद्रह-बीस पी गया।

यानी फिर वही सब शुरू।

दिन देखूँ न रात, सड़क देखूँ न हॉस्टल का कमरा—जब देखो उँगलियों के बीच सिगरेट फँसी है।

जिस सिगरेट को छह महीने पहले बड़ी शान से जिंदगी से निकाल बाहर किया था, उसने एक ही रात में अपना पुराना पद फिर से हासिल कर लिया।

और दौड़ना?

वह भी सिगरेट के साथ ही कहीं चला गया।

फेफड़ों ने अपना पक्ष छोड़ दिया और ज़िंदगी का सफर फिर शुरू हो गया—अंग्रेज़ी का।

उस वक्त एक बात गौर की थी—जैसे ही पक्का छोड़ने का फैसला किया, एक-दो दिन छोड़कर तलब ने दरवाजे की घंटी बजाना बंद कर दिया। छः महीने बाद फिर अचानक शुरू कर दी, वो दीगर बात है।

तब मैं बीस साल का था। शायद इच्छाशक्ति भी कुछ ज्यादा ही मजबूत थी।

अब हाल यह है कि छोड़ने की सोचते ही दिमाग अंदर ही अंदर इच्छाशक्ति को कोड़े मारना शुरू कर देता है।

खैर, तो ये थी मेरी पहली आधिकारिक बगैर सिगरेट पीए रहने की रामकहानी।

मैंने 2003 में सिगरेट शुरू की थी। 2010 में पहली बार छोड़ी, छह महीने तक निभाई और फिर एक रात की पिनक में वापस उसी पुराने रास्ते पर लौट आया।

अभी 2026 में फिर से छोड़ रखी है।

इस बारी तो जिम भी जाता हूँ।

इस बारी बकरे की अम्मा कुछ ज्यादा ही खैरियत से हैं।

आगे का किस्सा फिर कभी।

मंगलवार, 1 सितंबर 2026

वापसी

आज मैं कुछ कहना चाहता हूँ।

लोग चौंकेंगे कि एआई, इंस्टाग्राम, फेसबुक इत्यादि की वीडियो ब्लॉग की दुनिया में लिखे हुए ब्लॉग कौन पढ़ता है और ये किसके लिए लिखा जा रहा है।

तो ऐसा है, आज की फ़ास्टफ़ूड पीढ़ी के मुकाबले हम थोड़े पुराने हो जाते हैं हालांकि इसे स्वीकार करने में मुझे अत्यंत दुःख हुआ क्योंकि लगभग दो दशक पहले यही बात कोई पीढ़ी हमारे बारे में भी कहती थी और न ही वो पीढ़ी गलत थी न हम न हमसे आगे वाली पीढ़ी। इसलिए दिखे की अपेक्षा लिखे पर अधिक जोर है।

अगर मुझे न जानते हों तो कोई रंज नहीं वैसे भी हमने कोई काबिल-ए-मशहूर कारसाजी तो की नहीं है फिर भी अपना ब्लॉग है तो बता दूँ - बंदे को मयंक आकाश कहते हैं, पैदाईश पटना की है, पापी पेट की मजबूरियों के चलते बोकारो ही अपना ठौर है। पेशे से इंजीनियरिंग कर के नौकरीपेशा हैं, तबियत से बिगड़ैल हैं और अपने ख़्वाबों में खुद को किसी मंटो अथवा प्रेमचंद से कम नहीं समझते। वो बात दीगर है कि कला के मुआमले में तो नहीं मगर महीना बीतते बीतते दरमाहे पर निर्भर यह जीवन मंटो की कच्ची शराब और प्रेमचंद की पुरानी बीड़ी की सिम्त तक आने से सिर्फ एक ही आज के दौर की नेमत बचा पाती है जिसे क्रेडिट कार्ड कहते हैं।

लगभग आठ सालों के वक़्फ़े के बाद ब्लॉगर के पटल पर वापिस आने पर लगता है जैसे सब कुछ वैसा का वैसा ही है मगर मेरा ऐतबार कीजिए, इन बीते वर्षों ने इस दुनिया को ऐसा बदल डाला है जैसा यह पहले कभी सौ - दो सौ सालों में बदलती होगी।

आजकल एल्गोरिद्म का ज़माना है, उत्पाद उर्फ प्रोडक्ट आप ही हैं। अभी जरा दो मिनट क्रिकेट के वीडियो क्या देख लें, पूरी सोशल मीडिया आईडी सचिन सौरव विराट से भर जानी है। कभी कभी तो महसूस होता है कि हम सब किसी ऐसे युग में जीते हैं जहाँ हमारी सोच भी किसी न किसी तरह पहरे के भीतर है। ज़रा ठहर कर कभी सोचिये कि कितनी दफ़ा ऐसा हुआ है जो आपने किसी चीज का नाम लिया और इंटरनेट आपको उसके इश्तेहार ठेलते रहता है जब तक कि या तो आप उसे ले न लें या फिर वही एल्गोरिद्म में छेड़छाड़ कोई नई चीज देख के सोच के।

याने कि कुल मिलाकर आलम यह है कि यह वक़्त बदलने का दौर है मगर ऐसे बदलते दौर में भी कुछेक बातें हैं जो उस प्रकार से नहीं बदलती हैं जैसे कि हम अपने ऐबों को ले कर सदा बेलौस ही रहेंगे। वो क्या है कि इस जिंदगी में कोई सस्पेंस नहीं है, खुली किताब रही है और ऐब तो इतने हैं कि गिनने बैठें तो उँगलियाँ कम पड़ें।
जैसे कहते हैं, Ye shall know the truth, and the truth shall make you free. तो यहाँ उसी सत्य के देसी एवं रेडिकल संस्करण के दर्शन होने हैं जहाँ न अपनी सफाई देनी है न ही सफाई दे देने से कोई फ़रिश्ते साबित हो जायेंगे।

तो ये किसी एल्गोरिद्म को रिझाने या इंगेजमेंट को जुटाने की जुगत नहीं है, बस जिंदगी की किताब के कुछ पन्ने पलटते जाने हैं और आज और बीते हुए कल के बीच पुल बनाते आना है। जब तक आपस में पूरी तरह वाकिफ हो न लें, सफ़र कैसे कटेगा?

रविवार, 14 अक्टूबर 2018

हवाओं के शहर में - 3

इस धनुष-बाण में जो दुधारी तलवार की माफिक एक बाण है उसने अचंभित किया क्योंकि ऐसी कोई चीज़ मैंने कभी नहीं देखी थी. ये भी किसी राजपूत राजा की थी.



इन लाल बर्तनों को 19वीं सदी की उस्मानी ख़िलाफ़त की राजधानी इस्तांबुल (क़ुस्तुन्तुनिया) से खरीदा गया था.



इस थाल पर फारसी भाषा में लिखा है, “ख़ुदाया जहान बादशाह हिरास्त, जमा ख़िदमता यद ख़ुदा हिरास्त, अर्थात, ख़ुदा ही दुनिया का मालिक है, दुनिया के सारे काम ख़ुदा के ही हाथ में हैं.”


उदयपुर से प्राप्त यह शीश भगवान शिव की मुखाकृति है जिसे आठवीं सदी में बनाया गया था.

अल्बर्ट हॉल म्यूजियम में टिकट की दर वयस्कों के लिए 40 रुपये और सात साल से कम के बच्चों के लिए निःशुल्क है.
आज भी जब ऑनलाइन ज्ञान जुटाने का दौर सर पर चढ़ा जा रहा है, म्यूजियम जैसी जगहें अपना एक ख़ास स्थान बरक़रार रखे हैं, इन्हें छात्रों के लिए घूमना और इतिहास के बारे में उनकी दिलचस्पी बढ़ाने के लिए सदुपयोग किया जाना निहायत ज़रूरी है.
ऊपर दी तस्वीरों के अलावा भी और कई चीजें थीं पर समयाभाव की वजह से उनकी तस्वीर न ले सका.
तकरीबन साढ़े पाँच या छः बजे तक हमने अल्बर्ट हॉल म्यूजियम छोड़ दिया और बिड़ला मंदिर की ओर चल पड़े जो पड़ोस में ही था.
यह एक सफेद संग-ए-मरमर का बना हुआ मंदिर है जहाँ शाम को कई लोग घूमने और पूजा-पाठ करने आते हैं.

ये बिड़ला मंदिर का शहर की ओर का हिस्सा है.
इस मंदिर की अंदरूनी दीवारों पर कई पौराणिक वाक़यात चित्र रूप में बनाये गए हैं. इसके अतिरिक्त यहाँ सर्वधर्म समभाव पर भी ख़ास ख़्याल रखते हुए कुछ अन्य मज़हबों के दिव्य विभूतियों की तस्वीरें भी बनाई गई हैं. मंदिर के अंदरूनी भाग में फोटोग्राफी की अनुमति न होने के चलते उपरोक्त चित्रों की तस्वीर लेने का अवसर न मिल सका.
मेरी पत्नी और बेटा

माँ

मैं, मेरी पत्नी और बेटा

बिड़ला मंदिर में कुछ वक्त गुज़ार कर हम जोहरी बाज़ार गए जहाँ कुछ साड़ियाँ खरीदीं और फिर होटल वापिस आ गए.
अब कल का लक्ष्य आसपास के तमाम किले तथा महल घूमना है. उन सबके बारे में आपको बताने को आता रहूँगा.
मेरा इंतज़ार करेंगे न?

हवाओं के शहर में - 2

एक घंटे में भोजन कर हम लोग पास ही मौजूद अल्बर्ट हॉल म्यूजियम घूमने गए.
खैर, किसी म्यूजियम में क्या क्या पाया जाता है ये आप लोगों से कुछ छिपा तो नहीं है पर फिर भी कुछ जगहें जो मुझे बहुत पसंद आती हैं उनमें से एक है म्यूजियम, तो इस बारे में कुछ तो बताऊँगा ही.
म्यूजियमों में हमारे रोमांचक इतिहास की जो थाती रखी होती है वो मुझे हमेशा से अपनी ओर खींचते आई है. म्यूजियम हमारी सभ्यता के दर्पण हैं, अगर कोई इनमें झाँकना चाहे तो इतिहास के कई ऐसे पहलुओं से दो-चार हुआ जा सकता है जो कई दफ़ा कल्पनातीत होते हैं.
राजस्थान का तो इतिहास ही राजपूताना से संबद्ध है इसलिए यहाँ के महाराजाओं ने बाहरी आक्रमणों को झेलते हुए भी जो सभ्यता की धरोहर यहाँ महफूज़ रखी है हमें उसके लिए उनका आभारी होना चाहिए.

मिसाल के तौर पर नीचे की तस्वीर देखिए, ये मुग़लिया दौर का एक खंज़र है, उस दौर में ये एक आम ज़रूरत की चीज़ होगी मगर इसकी धार के ऊपर उभारी हुई इस नक़्क़ाशी ने बार बार मेरा ध्यान अपनी ओर खींचा.


फिर कई किस्मों की तलवारें, संगीनें, शमशीरें, भाले, धनुष-बाण, बंदूकें, पुराने दौर के बर्तन और कई मूर्तियाँ आदि भी सजाकर रखे हुए थे.


इस ईरानी तलवार की मूठ हाथीदाँत की बनी हुई थी, ये मेरे लिए नई बात थी, आपने हो सकता है पहले कभी देखी हो.


मिटे हुए अल्फ़ाज़ों में यहाँ जो कुछ लिखा है उसका मजमून कुछ इस प्रकार है, “निमरुद के जिस इंसानी सर वाले परदार सिंह की तस्वीर इस दीवार पर बनी है वो निमरुद के महल के पास की मूर्ति का एक छायाचित्र है.”
यहाँ बता दूँ कि वो जिस तस्वीर का ज़िक्र कर रहे हैं वो काफी हद तक मिस्र के फ़िरऔन खुफु के द्वारा बनवाए ग़िज़ा पिरामिड के करीब ही मौजूद स्फिंक्स (अरबी नाम: अबू अल हौल अर्थात भय का पिता) से मिलती जुलती थी.
निमरुद सीरिया का बादशाह था जिसे तब अश्शूर भी कहा जाता था. इस निमरुद का ज़िक्र बाइबिल में ही आता है और इस बादशाह के होने के कोई पुख़्ता सबूत नहीं मिले. तो कुल मिलाकर ये मिस्र से ले कर मेसोपोटामिया तक के बाशिंदे सबसे ज़्यादा शायद स्फिंक्स से ही डरा करते थे जो जहाँ-तहाँ इनके बुत बनाया करते थे. कई इतिहासकार अश्शूर को दुनिया का पहला साम्राज्य कहते हैं पर उस विषय में मेरा ज्ञान सीमित है तो कुछ भी पुख़्ता बात नहीं कह सकता. यहाँ ये भी जान लें कि अश्शूर इराक़ और सीरिया का सम्मिलित देश था. इसकी सीमा दजला नदी (Tigris River) के उत्तर से शुरू होती थी.

हवाओं के शहर में

हवाओं के शहर में - 1

जयपुर को वैसे तो लोग इस नाम से नहीं बुलाते, इसे गुलाबी शहर के नाम से जाना जाता है पर मैं जयपुर को हवाओं का शहर कहना पसंद करूँगा.
कारण – आप पूछेंगे, भई, एक नाम तो है चिरपरिचित, गुलाबी शहर, फिर एक और नाम क्यों देना?
मैं कहता हूँ, क्या हम इंसान हमेशा किसी एक पहचान के मोहताज रहते हैं, फिर शहर भला किसी बंधी बंधाई हुई पहचान से क्यों बंधे रहें?
जैसे हर किसी के लिए किसी जगह के मायने कुछ न कुछ अलग हो सकते हैं वैसे ही जयपुर मेरे लिए हवाओं का शहर है.
क्योंकि यहाँ मौजूद उस एक जगह – हवा महल को देखने का एक अलग ही कौतूहल मुझे हमेशा से रहा. जब मैं पड़ोस में कोटा में रहता था तब भी कभी जयपुर न जा सका जिसके चलते हवा महल देखने का अवसर प्राप्त न हुआ.
कहते हैं हवा महल जयपुर के राजमहल का जनाना निवास था.
लाल और गुलाबी (आप क्या कुछ और उम्मीद पाले बैठे थे, यूँ ही तो इस शहर को गुलाबी शहर नहीं कहते) बलुए पत्थरों की बनी इस इमारत में तकरीबन 953 खिड़कियाँ हैं जिन के पीछे बैठ पर्दानशीं स्त्रियाँ शहर की गलियों को निहारा करती थीं.
खैर, बात तो अभी जयपुर की ही शुरू हुई थी और देखिए न, मैं सीधे आपको हवा महल पर ले आया.
वैसे आज 13 अक्टूबर को दोपहर में दो बजे ही तो हम जयपुर पहुँचे.
जिस होटल में ठहरने का प्रबंध था उसको खोजने में अलग से आधा घंटा खप गया.
कलेक्टरेट चौराहे के पास ही मौजूद यह होटल Park Inn देखने में अच्छा लग रहा था और इसके कमरे भी आरामदायक लगते हैं.

क्रमशः

मंगलवार, 31 जुलाई 2018

हो न हो

जी भर के देख लेने दे, आज इस चाँद को,
कल का क्या भरोसा, ये रात हो न हो.

पैमाने न हटा, पीने दे हमें ऐ साक़ी,
ज़िन्दगी का क्या भरोसा, कल हो न हो.

मैं जा नहीं सकता, किसी की राह देखता हूँ,
तक़दीर का क्या भरोसा, फिर ये मुलाकात हो न हो.

गुरुवार, 17 मई 2018

अनकिया वादा

अनकिया वादा

वो बरसात के दिन थे.

समीर अपने मकान के ऊपरी कमरे में बिस्तर पर लेटा था. बाहर कुछ ही देर पहले जम कर बारिश हुई थी. बरसात होने पर मिट्टी की सोंधी सोंधी ख़ुशबू हवा में फैली थी जो कि उस को पसंद थी. बाहर के पीपल के पत्तों पर बरसात का पानी रह रह कर मोतियों के माफ़िक़ चमकता था.

कहने को तो वो समीर का सोने का कमरा था पर इस कमरे में उस के दिन का अधिकतर वक़्त गुज़रता था.

कमरे में नामालूम सा गमगीन माहौल फैला था.

वो चिलम जिसे वो बस स्टॉप से लाया था और हर वक़्त होंठों से लगाए रखता था आज वो किसी परित्यक्ता की मानिंद एक ओर रखा हुआ था.

आज रह रह के उसे ज़ेबू की याद आ रही थी. ज़ेबू यानी ज़ेबुन्निसा.

ऐसे ही एक बरसात के दिन ज़ेबुन्निसा ने उस का हाथ थाम कर कहा था, "समीर, मैं अब्बाज़ान से हमारे बारे में बात करने जा रही हूँ. ख़ुदा ने चाहा तो हमें एक होने से कोई नहीं रोक सकता. और अगर ऐसा न हुआ तो मैं अपनी जान दे दूँगी."

ज़ेबुन्निसा जब बोलती थी तो उसके गुलाबी होंठों के पीछे मोतियों जैसी दंतपंक्तियाँ झिलमिलाती थीं.

खिड़की के पास खड़े होने के चलते जब हवा से उस के खुले बाल हवा में लहराते तो लगता जैसे बरसात के पहले की घटाएँ उस के कमरे में ही आ गयी हों.

समीर सोचता ही रह गया कि आख़िर वो ऐसा कोई भी वादा ज़ेबुन्निसा को क्यों नहीं दे सका?

फिर जो ज़ेबुन्निसा गयी तो कभी न लौट के आयी.

आयी तो उस के इंतक़ाल की ख़बर.

उसके अब्बू और बड़े भाई ने मिल कर ख़ानदान की इज़्ज़त बचाने के लिए उस की हत्या कर दी थी.

उस का क़सूर सिर्फ़ इतना था के उस ने परिवार की स्थापित मर्यादाओं को तोड़ कर एक हिंदू से प्रेम किया था.

परिवार की इज़्ज़त! परिवार की मर्यादा!

क्या ये सब इतने कमज़ोर हैं के किसी के किसी से प्रेम कर लेने भर से बर्बाद हो जाते हैं?

इजलास में ज़ेबुन्निसा की हत्या का मुक़दमा चला.

समीर भी मुक़दमे की कार्यवाही देखने मौजूद था.

ज़ेबुन्निसा के अब्बा और बड़ा भाई दोनों इस अकड़ के साथ आए थे मानो ये जुर्म नहीं बड़े सबाब का काम किया हो.

ज़ेबुन्निसा की माँ ने अपने शौहर और बेटे पर लगे सभी इल्ज़ाम वापिस ले लिए.

वो दोनों छूट गए.

समीर उनके पीछे ही कचहरी से बाहर निकला.

थोड़ी आगे जा कर उस ने उन को आवाज़ दे कर रोका.

ज़ेबुन्निसा के माँ-बाप और भाई समीर की आस्तीन में रखी पिस्तौल को देख कर मारे डर के काँपने लगे.

अभी कोई कुछ कर पाता उस से पहले ही समीर ने बंदूक़ का रूख अपनी ओर कर ख़ुद के सीने में गोली मार ली.

ज़ोर का धमाका हुआ तो वहाँ लोगों की भीड़ जुट गयी. सभी उस आशिक़ की लाश देखने इकट्ठे होने लगे थे जिस ने अपनी माशूका से अनकिया वादा अपनी जान दे कर निभा दिया.

सभी के होंठों पर एक ही बात थी - जिस इश्क़ में दीवानापन न हो वो इश्क़ नहीं.

कई वादे किए नहीं जाते, सिर्फ़ निभाए जाते हैं.

जाते हैं

जाते हैं

इक दिन सब कुछ छोड़छाड़ के,

दुनियावी बंधन तोड़ताड़ के,

बुद्ध की राह पे,

हम चले जाएँगे.

पीछे छोड़ जाएँगे,

ये संगदिल, फ़रेबी,

दोज़ख़ी दुनिया.

तब तुम मुझे न याद करना प्रिये,

क्यूँकि मैं नहीं आऊँगा,

मैं नहीं आऊँगा,

मैं वापिस नहीं आऊँगा.


जाते हैं हम,

तेरी इस बेमुरौव्वत, ग़मकार,

बेरूखी भरी जाहिल दुनिया को छोड़.

जाते जाते इतना सुनते जाओ,

जब कभी जीना भारी लगने लगे,

किसी दरख़्त या बहती पवन से मेरा नाम लेना.

मैं सिर्फ़ ख़्वाबों में मिलूँगा.

क्यूँकि मैं नहीं आऊँगा,

मैं नहीं आऊँगा,

मैं अब कभी वापिस नहीं आऊँगा.

ख़ुद से ख़ुद का इक वादा

ख़ुद से ख़ुद का इक वादा


जब वफ़ाएँ सूली चढ़ जाती हैं, जब आशिक़ी रास नहीं आती,

जब घुट घुट के रोते रोते, हमको ये ज़िंदगी रास नहीं आती,

तब हिकारतों की सेज पे, मुहब्बत काँटों का ताज पहनाती है,

तब नफ़रत की चिंगारी ये, अरमानों को ख़ाक मिलाती है.

हम उसी वफ़ा की सूली पे, हँसते हँसते चढ़ जाएँगे,

हम घुट घुट के रो लेंगे पर, नाम तेरा इन होंठों पे भूले से भी न लाएँगे.

हमने कर के है देख लिया, सब कहते जिसे हैं मर्ज़ ए मुहब्बत,

हमने सह के देख लिया, हैं कहते जिसे सब दर्द ए मुहब्बत.

अब कभी न किसी से होगी मुहब्बत, ख़ुद से ख़ुद का वादा रहा,

अब कभी न किसी की करनी सोहबत, ये तो अब अपना इरादा रहा.