मंगलवार, 1 सितंबर 2026

वापसी

आज मैं कुछ कहना चाहता हूँ।

लोग चौंकेंगे कि एआई, इंस्टाग्राम, फेसबुक इत्यादि की वीडियो ब्लॉग की दुनिया में लिखे हुए ब्लॉग कौन पढ़ता है और ये किसके लिए लिखा जा रहा है।

तो ऐसा है, आज की फ़ास्टफ़ूड पीढ़ी के मुकाबले हम थोड़े पुराने हो जाते हैं हालांकि इसे स्वीकार करने में मुझे अत्यंत दुःख हुआ क्योंकि लगभग दो दशक पहले यही बात कोई पीढ़ी हमारे बारे में भी कहती थी और न ही वो पीढ़ी गलत थी न हम न हमसे आगे वाली पीढ़ी। इसलिए दिखे की अपेक्षा लिखे पर अधिक जोर है।

अगर मुझे न जानते हों तो कोई रंज नहीं वैसे भी हमने कोई काबिल-ए-मशहूर कारसाजी तो की नहीं है फिर भी अपना ब्लॉग है तो बता दूँ - बंदे को मयंक आकाश कहते हैं, पैदाईश पटना की है, पापी पेट की मजबूरियों के चलते बोकारो ही अपना ठौर है। पेशे से इंजीनियरिंग कर के नौकरीपेशा हैं, तबियत से बिगड़ैल हैं और अपने ख़्वाबों में खुद को किसी मंटो अथवा प्रेमचंद से कम नहीं समझते। वो बात दीगर है कि कला के मुआमले में तो नहीं मगर महीना बीतते बीतते दरमाहे पर निर्भर यह जीवन मंटो की कच्ची शराब और प्रेमचंद की पुरानी बीड़ी की सिम्त तक आने से सिर्फ एक ही आज के दौर की नेमत बचा पाती है जिसे क्रेडिट कार्ड कहते हैं।

लगभग आठ सालों के वक़्फ़े के बाद ब्लॉगर के पटल पर वापिस आने पर लगता है जैसे सब कुछ वैसा का वैसा ही है मगर मेरा ऐतबार कीजिए, इन बीते वर्षों ने इस दुनिया को ऐसा बदल डाला है जैसा यह पहले कभी सौ - दो सौ सालों में बदलती होगी।

आजकल एल्गोरिद्म का ज़माना है, उत्पाद उर्फ प्रोडक्ट आप ही हैं। अभी जरा दो मिनट क्रिकेट के वीडियो क्या देख लें, पूरी सोशल मीडिया आईडी सचिन सौरव विराट से भर जानी है। कभी कभी तो महसूस होता है कि हम सब किसी ऐसे युग में जीते हैं जहाँ हमारी सोच भी किसी न किसी तरह पहरे के भीतर है। ज़रा ठहर कर कभी सोचिये कि कितनी दफ़ा ऐसा हुआ है जो आपने किसी चीज का नाम लिया और इंटरनेट आपको उसके इश्तेहार ठेलते रहता है जब तक कि या तो आप उसे ले न लें या फिर वही एल्गोरिद्म में छेड़छाड़ कोई नई चीज देख के सोच के।

याने कि कुल मिलाकर आलम यह है कि यह वक़्त बदलने का दौर है मगर ऐसे बदलते दौर में भी कुछेक बातें हैं जो उस प्रकार से नहीं बदलती हैं जैसे कि हम अपने ऐबों को ले कर सदा बेलौस ही रहेंगे। वो क्या है कि इस जिंदगी में कोई सस्पेंस नहीं है, खुली किताब रही है और ऐब तो इतने हैं कि गिनने बैठें तो उँगलियाँ कम पड़ें।
जैसे कहते हैं, Ye shall know the truth, and the truth shall make you free. तो यहाँ उसी सत्य के देसी एवं रेडिकल संस्करण के दर्शन होने हैं जहाँ न अपनी सफाई देनी है न ही सफाई दे देने से कोई फ़रिश्ते साबित हो जायेंगे।

तो ये किसी एल्गोरिद्म को रिझाने या इंगेजमेंट को जुटाने की जुगत नहीं है, बस जिंदगी की किताब के कुछ पन्ने पलटते जाने हैं और आज और बीते हुए कल के बीच पुल बनाते आना है। जब तक आपस में पूरी तरह वाकिफ हो न लें, सफ़र कैसे कटेगा?

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें