बुधवार, 23 सितंबर 2026

जब मैंने पहली दफ़ा सिगरेट पीनी छोड़ी


सिगरेट छोड़ना सबसे आसान है, मैंने खुद कई दफा छोड़ी है।

आदमी का दिमाग ऐसी शातिर बला है कि जब सिगरेट पीते रहें तो भीतर से लगातार सिग्नल देता रहेगा—अरे, तू जब चाहे इन्हें छोड़ सकता है। कल से जिम चले जाना, एकदम रॉकी बाल्बोआ जैसी बॉडी बन जाएगी।

बस कल से।

और यही “कल” बड़ा धोखेबाज़ शब्द है। आदमी इसकी आड़ में अपनी आधी जिंदगी आराम से निकाल सकता है।

बाकी दिन, जब तक ये गफलत नहीं पाली थी कि यूँ सुट्टे से पीछा छुड़ा लेंगे, सुबह उठते ही सिगरेट की ऐसी कोई खास जरूरत या तलब महसूस नहीं होती थी। मगर जैसे ही तय कर लो कि बस, कल से बिल्कुल बंद—पेट महाराज ऐसा सिग्नल भेजेंगे कि हुजूर, आज तो बिना सिगरेट के हमारा काम ही नहीं चलने वाला।

अब मजबूरन जल्दी से बाहर से कहीं से जुगाड़ो और खुद को तसल्ली देते हुए एक सुट्टा खींच लो—अच्छा, इसके बाद नहीं।

उधर दिमाग भाई शायद पहले ही तय करके बैठे थे—

“ठहर बच्चू। आज तो तुझसे रोजाना से ज्यादा पियवाऊँगा। मैं भी तो देखूँ, कैसे छोड़ता है तू।”

उसके बाद दिनभर किसी भी चीज में थोड़ा-सा भी अटकिए, एक सिगरेट कहीं न कहीं से आपका बोझ हल्का करने चली आती है। काम अटक गया—सिगरेट। पढ़ाई में मन नहीं लग रहा—सिगरेट। किसी बात पर झुंझलाहट हो गई—सिगरेट। और कभी-कभी तो कोई वजह भी नहीं चाहिए; सिगरेट खुद वजह लेकर आ जाती है।

ऐसी ही रोजाना की कशमकश से दो-चार होते हुए एक बार, जब मैं सातवें सेमेस्टर में था—साल था 2010—मैंने सिगरेट छोड़ दी।

बिल्कुल सिफ़र।

अगले छह महीने तक पूर्णतः सफल रहा।

सिर्फ उस दिन को छोड़कर, जिस दिन मैंने दोबारा सिगरेट पी ली।

यानी उपलब्धि के खाते में छह महीने की निरंतर सफलता थी और असफलता के खाते में एक दिन। मगर दुर्भाग्य से वह एक दिन छह महीने के बाद वाला दिन था।

उस दौर में एक और काम शुरू किया था—दौड़ना। सुबह उठकर दौड़ना, पसीना बहाना। धीरे-धीरे ऐसा लगने लगा था कि आदमी आखिरकार अपनी जिंदगी को पटरी पर ले आया है।

जब मैंने छोड़ रखी थी तो कई लोग मुझसे सीखने भी आए—“भाई, भाई, भाई! कैसे किया? कुछ टिप्स दो यार।”

लगे जैसे आर्नोल्ड जैसी देहयष्टि बना ली हो और सब मेरे मुरीद हों।

मेरे देखा-देखी कुछ और लड़कों ने भी सिगरेट छोड़ दी। हम लोग साथ में दौड़ने जाने लगे। सुबह देखो तो दौड़ने चले जा रहे, शाम को कॉलेज से वापस आ रहे तो दौड़ने चले जा रहे।

कुल मिलाकर ऐसा माहौल बन गया था जैसे मैकेनिकल ब्रांच में अचानक स्वास्थ्य क्रांति आ गई हो।

उसी दौर की एक और निशानी है—इस ब्लॉग पर लिखी मेरी पहली कविता। बल्कि इस ब्लॉग की सबसे पहली दो पोस्टें उस दौर से भी पहले की हैं; उसके बाद जो पहली कविता लिखी, वह इसी समय की है।

शायद सिगरेट छोड़ने के साथ आदमी को अपने भीतर से कुछ और भी निकालने की इच्छा हुई थी। दौड़ना शुरू किया, लिखना शुरू किया और कुछ समय के लिए यह भ्रम भी पाल लिया कि अब जिंदगी बड़ी व्यवस्थित दिशा में जा रही है।

फिर एक दिन अचानक—

सब बंद।

न दौड़ना, न सुबह की कसरत, न फेफड़ों की चिंता।

और उँगलियों के बीच वही पुरानी सिगरेट।

हुआ यूँ कि दिसंबर 2010 में मेरा प्लेसमेंट हो गया।

उसी एक हफ्ते के दौरान आठ-दस लोग नौकरी पा गए थे, तो यह तय हुआ कि हम सभी मिलकर पूरी मैकेनिकल ब्रांच को पार्टी दे देते हैं।

ख़ुदा कसम, क्या नदियाँ बहीं उस दिन शराब की।

और ऐसे ही किसी पिनक में मैंने फिर सिगरेट खींच दी।

छह महीने बाद पहली सिगरेट।

अब शुरू की तो उस रात पंद्रह-बीस पी गया।

यानी फिर वही सब शुरू।

दिन देखूँ न रात, सड़क देखूँ न हॉस्टल का कमरा—जब देखो उँगलियों के बीच सिगरेट फँसी है।

जिस सिगरेट को छह महीने पहले बड़ी शान से जिंदगी से निकाल बाहर किया था, उसने एक ही रात में अपना पुराना पद फिर से हासिल कर लिया।

और दौड़ना?

वह भी सिगरेट के साथ ही कहीं चला गया।

फेफड़ों ने अपना पक्ष छोड़ दिया और ज़िंदगी का सफर फिर शुरू हो गया—अंग्रेज़ी का।

उस वक्त एक बात गौर की थी—जैसे ही पक्का छोड़ने का फैसला किया, एक-दो दिन छोड़कर तलब ने दरवाजे की घंटी बजाना बंद कर दिया। छः महीने बाद फिर अचानक शुरू कर दी, वो दीगर बात है।

तब मैं बीस साल का था। शायद इच्छाशक्ति भी कुछ ज्यादा ही मजबूत थी।

अब हाल यह है कि छोड़ने की सोचते ही दिमाग अंदर ही अंदर इच्छाशक्ति को कोड़े मारना शुरू कर देता है।

खैर, तो ये थी मेरी पहली आधिकारिक बगैर सिगरेट पीए रहने की रामकहानी।

मैंने 2003 में सिगरेट शुरू की थी। 2010 में पहली बार छोड़ी, छह महीने तक निभाई और फिर एक रात की पिनक में वापस उसी पुराने रास्ते पर लौट आया।

अभी 2026 में फिर से छोड़ रखी है।

इस बारी तो जिम भी जाता हूँ।

इस बारी बकरे की अम्मा कुछ ज्यादा ही खैरियत से हैं।

आगे का किस्सा फिर कभी।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें